राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में पटमदा-बोड़ाम के 44 विद्यार्थी सफल, प्रियदर्शी षड़ंगी जिले में अव्वल
प्रियदर्शी षड़ंगी
Patamda: राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति (NMMS)परीक्षा में पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड से कुल 44 छात्र -छात्राओं ने सफलता हासिल की है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 178 परीक्षार्थियों को सफलता मिली है जिसका 25 प्रतिशत पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से है। इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस संबंध में बारियादा निवासी शिक्षक बृंदावन महतो ने बताया कि आठवीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा बीते 18 मई को जमशेदपुर के 5 केंद्रों में आयोजित की गई थी और इसका परिणाम बुधवार को जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि इसमें कुल 180 अंकों की परीक्षा हुई थी जिसमें 90 अंक के लिए रीजनिंग के प्रश्न पूछे गए थे जबकि 90 अंक के लिए मैथ्स, साइंस और सोशल साइंस के प्रश्न थे। आदिवासी हाई स्कूल बोड़ाम के छात्र प्रियदर्शी षड़ंगी ने कुल 129 अंक लाकर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। इसके अलावा टॉप टेन सूची में पटमदा के आदर्श मध्य विद्यालय बांगुड़दा की छात्रा रानी मुखर्जी एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपालपुर के छात्र शुभम षड़ंगी ने जगह बनाई है। इस योजना के तहत पूरे झारखंड के 1676 एवं देश भर के 1 लाख विद्यार्थियों को अगले 4 साल तक प्रतिवर्ष 12 हजार की दर से छात्रवृत्ति की राशि सरकार द्वारा उनके खाते में भेजी जाएगी।





