झारखंड सरकार के आरटीआई पोर्टल से 6 जिले गायब, उठे सवाल
Ranchi : पारदर्शिता और सूचना के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए झारखंड सरकार के आरटीआई पोर्टल rti.jharkhand.gov.in पर एक गंभीर त्रुटि सामने आई है। राज्य के 6 जिले – सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, खूंटी, लातेहार, रामगढ़ और सिमडेगा – पोर्टल पर सूची से गायब हैं।
इस गड़बड़ी ने पोर्टल की विश्वसनीयता और तकनीकी प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर कुमार अभिषेक ने बताया कि सूचना के अधिकार कानून के तहत नागरिकों को अपने जिले से संबंधित विभागों में आरटीआई दाखिल करने का अधिकार है, लेकिन इन जिलों के गायब रहने से लोगों के लिए सूचना प्राप्त करना मुश्किल हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक यह तकनीकी खामी लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसे ठीक नहीं किया गया है। इस मुद्दे पर नागरिकों और सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। अब सवाल उठ रहा है कि इतने महत्वपूर्ण पोर्टल पर ऐसी गंभीर लापरवाही कैसे हो सकती है? लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड सीएमओ से तुरंत संज्ञान लेने और तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने की मांग की है।





