काशीडीह में अनियंत्रित टेंपो की चपेट में आने से बाइक सवार गैराज मिस्त्री की मौत
Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह कुम्हारपाड़ा के पास मुख्य सड़क पर शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे हुई सड़क दुर्घटना में गैराज मिस्त्री मिहिर पोद्दार (55 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु के रहने वाले थे। स्थानीय लोगों के अनुसार एक बाइक पर बैठकर उसके ट्रायल पर निकले मिस्त्री को एक अज्ञात टेंपो द्वारा धक्का मार देने से वह बीच सड़क पर लहुलुहान होकर गिर गए जबकि टेंपो चालक मौके से टेंपो लेकर भालूबासा की ओर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों द्वारा टेंपो का पीछा भी किया गया मगर पकड़ नहीं पाए। मिहिर पोद्दार काशीडीह मुरारी होटल के पास पिछले 35 वर्षों से बाइक गैराज चलाते थे। घटना में मिहिर पोद्दार को सिर पर गंभीर चोट लगी थी और घटनास्थल पर काफी रक्तस्राव होने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा टाटा मैन अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस स्थानीय सीसीटीवी फुटेज के जरिए टेंपो का पता लग रही है। इस संबंध में मृतक मिहिर पोद्दार के चचेरे भाई सह प्रभात खबर के पत्रकार दिलीप पोद्दार ने बताया कि परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटी एवं दो बेटा है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।





