ठनठनी घाटी में तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार टीएमएच में भर्ती
Patamda: टाटा – पटमदा मुख्य सड़क के बीच ठनठनी घाटी में गुरुवार को शाम करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वैन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस घटना में पटमदा के लोवाडीह गांव निवासी बाइक सवार युवक भगत गोराई के दाएं पैर की हड्डी टूट गई। उसे गंभीर हालत में परिजनों ने टीएमएच में भर्ती कराया है।
इस संबंध में घायल युवक के भाई वनमाली गोराई ने बताया कि भगत जमशेदपुर से ट्रैक्टर का सामान खरीद कर बाइक पर अपने घर लौट रहे थे कि विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वैन ने ठनठनी घाटी में बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह घटनास्थल पर गंभीर हालत में पड़ा रहा एवं सूचना पाकर पहुंची पटमदा पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से टीएमएच में भर्ती कराया गया है। बताते हैं कि पिकअप वैन के चालक ने घटना को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार से जमशेदपुर की ओर भाग गया। पुलिस द्वारा अज्ञात वैन का पता लगाया जा रहा है।





