बेलटांड़ दुर्गा पूजा समिति के सदस्य की ब्रेन हैमरेज से मौत, शोक की लहर
समीर तंतुबाई (फाइल फोटो)
Patamda: श्री श्री सार्वजानिक दुर्गा पूजा समिति लावा (बेलटांड़) के सदस्य सह बेलटांड़ निवासी समीर तंतुबाई का बुधवार को टीएमएच में इलाज के दौरान निधन हो गया। 31 वर्षीय समीर को 29 नवंबर की सुबह अपने घर में ही ब्रेन हैमरेज हो गया था और तत्काल उन्हें ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके बाद बेहतर इलाज हेतु टीएमएच के आईसीयू में इलाज चल रहा था। करीब 12 दिनों के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके असामयिक निधन से दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों समेत क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है।
समिति के अध्यक्ष ईशान चंद्र गोप ने बताया कि इतनी कम उम्र में ही ब्रेन हैमरेज की शिकायत एवं उसके बाद मौत होना चिंता का विषय है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मां दुर्गा से परिजनों को दुःख की इस घड़ी में अपार सहनशक्ति प्रदान करने हेतु प्रार्थना की है। समीर के पिता बाणेश्वर तंतुबाई सेवानिवृत्त शिक्षक हैं जबकि वह एयरटेल कंपनी में डिश लगाने का काम करते थे। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी, 8 वर्षीय एक बेटी, 4 वर्षीय एक बेटा एवं छोटा भाई है। बुधवार को ही देर शाम को पटमदा के आगुईडांगरा स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम दर्शन एवं शवयात्रा में काफी संख्या में लोग पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया।




