बोड़ाम में छत्तीसगढ़ के अधिकारियों की टीम ने किया आम की बागवानी का निरीक्षण
Patamda: छत्तीसगढ़ से दो दिवसीय दौरे पर पूर्वी सिंहभूम पहुंचे 13 सदस्यीय दल ने सोमवार को बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न गांवों में आम की बागवानी का निरीक्षण किया एवं किसानों से बातचीत की। मनरेगा से संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना का टीम ने पहले भूला पंचायत के बारियादा टोला में दीनबंधु महतो की करीब 4 एकड़ जमीन पर की गई आम की बागवानी का निरीक्षण किया। एसएचजी की महिलाओं से इससे संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान टीम को बताया गया कि 3 एकड़ में फल आना शुरू हो गया है और पिछले वर्ष इस बागवानी से झारखंड सरकार की पहल पर दुबई तक आम का निर्यात किया गया था। किसान दीनबंधु महतो ने बताया कि उन्हें इंटर क्रॉपिंग का प्रशिक्षण भी मिल चुका है जिससे अब अन्य उत्पाद भी उसी जमीन पर हो रहा है, जिसमें अलग से मुनाफा हो रहा है।
इसके बाद पहाड़पुर पंचायत में भी कई बागवानी को देखकर इसमें होने वाले खर्च, तैयार करने की अवधि, फलों का उत्पादन, बाजार एवं मुनाफा आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बीडीओ किकू महतो ने जानकारी दी कि पहले परती जमीन रह जाती थी, अब आम की बागवानी के साथ कुछ वैकल्पिक खेती, ड्रिप एरिगेशन, कृषि, हार्टिकल्चर से भी किसान लाभान्वित हो रहे हैं। बागवानी सखी प्रियंका दास ने बताया कि टैगोर सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट से कई बार प्रशिक्षण मिला। टैगोर सोसाइटी की रूपा बख्शी ने बताया कि बागवानी से जुड़े सभी लाभुकों को प्रशिक्षण देकर जमीन की तैयारी के साथ- साथ पौधे लगाने एवं उसकी देखभाल और अन्य सुझाव दिए जाते हैं। लाभुकों को केसीसी भी उपलब्ध करवाया जाता हैं। जेएसएलपीएस के सीएफएल द्वारा भी ट्रेनिंग के साथ बागवानी का जानकारी दी जाती है। समिति की बैठक में विषयों पर चर्चा करते हुए फील्ड विजिट करते हैं। उत्पादक समूह के साथ बैठक के दौरान सहयोग करते हैं।
टीम के सहयोग में बोड़ाम बीडीओ किकू महतो, एई सुमित कुमार, बीपीओ बंधु कुशल महतो, जेई अजय मंडल, सुशील बेसरा, पंचायत सेवक अजीत कुमार, रोजगार सेवक जगन्नाथ सीट, जेएसएलपीएस के रथु बोदरा, बीपीएम, नीतेश प्रसाद, प्रदीप कुमार सीट, भूषण महतो, बन बिहारी नायक व अक्षय महतो आदि उपस्थित थे। छत्तीसगढ़ से आई टीम में नवा रायपुर अटल नगर के उपायुक्त राजेंद्र पांडेय, सहायक अभियंता सोमकांत साहू, प्रोग्राम मैनेजर (टीआरआईएफ) विभाष चौबे, एलिस लकड़ा, राजन सोनी, अश्वनी व्यास, अहसान उल्लाह खान, राजनारायण सिंह, अभिषेक राठौर, धनवान सिंह आदिले एवं हामिद पटेला आदि शामिल थे। दोनों पंचायतों में करम नृत्य दल द्वारा अतिथियों का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया जिससे वे काफी खुश दिखे। इससे पूर्व जमशेदपुर प्रखंड की बेको पंचायत का दौरा कर वहां की आम बागवानी को देखा। इस संबंध में बोड़ाम बीडीओ किकू महतो ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा मनरेगा से संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किए गए फलों की बागवानी का सकारात्मक परिणाम दिखने एवं विदेशों में आम का निर्यात होने के कारण राष्ट्रीय स्तर पर इसकी चर्चा हुई, छत्तीसगढ़ की सरकार द्वारा भी इस योजना को अपने राज्य में लागू करने के लिए 13 सदस्यीय टीम को एक्सपोजर विजिट के लिए आज बोड़ाम के गांवों में भेजा गया था और टीम में शामिल अधिकारियों ने बेहतर अनुभव हासिल किया। टीम ने इसे अपने राज्य में भी लागू करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मनरेगा आयुक्त एवं जिले के उपायुक्त व उपविकास आयुक्त के निर्देश पर टीम को अपनी ओर से भरपूर सहयोग किया गया।
छत्तीसगढ़ मनरेगा के उप आयुक्त ने कहा कि पुराने कृषि पद्धति से उठ कर इस तरह व्यावसायिक खेती करना बहुत ही अच्छी पहल है, इससे किसान को साल भर में अच्छी कमाई हो जाती है, इस पद्धति को छत्तीसगढ़ में भी हमलोग अपनाएंगे।





