पटमदा में सड़क दुघर्टना के विरोध में बाईपास की सभी सड़कें बंद, स्कूली बच्चों समेत हर वर्ग के लोग परेशान

Patamda: पटमदा के जलडहर में पेट्रोल पंप के पास हुई सड़क दुघर्टना में एक बाइक सवार युवक को बालू लदे हाइवा ने सुबह सवा 7 बजे रौंद दिया। इसके बाद युवक की मौत आक्रोशित लोगों ने टाटा -पटमदा मुख्य सड़क को सुबह 8 बजे से जाम कर दिया। इससे यातायात काफी प्रभावित हुआ। कुछ यात्री बसों का आवागमन भुईयांसिनान से भूला रोड होते हुए हो रहा है लेकिन पटमदा की बेलटांड़ – जोड़सा रोड, बेलटांड़- रघुनाथपुर मुख्य सड़क, जलडहर, गाड़ीग्राम समेत आसपास की सभी सड़कों को ग्रामीणों द्वारा जाम किए जाने से स्कूली बच्चों समेत अन्य लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर 1 बजे के बाद भी सड़क पूरी तरह से जाम है।
आक्रोशित ग्रामीण 10 लाख रुपए का मुआवजा मांग रहे हैं और गाड़ी मालिक की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि पटमदा थाना में बैठक कर रहे हैं। लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि मुआवजा मामले में गाड़ी मालिक चौका निवासी मिथुन सोरेन के प्रतिनिधि की ओर से किसी तरह की सकारात्मक पहल नहीं किए जाने से आंदोलन खत्म नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि गाड़ी मालिक की प्रतीक्षा की जा रही है और उनके साथ वार्ता के बाद ही जाम खत्म हो सकता है। घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में महिला – पुरुष लाठी डंडे के साथ मौजूद हैं और बाइक सवार को भी रोक रहे हैं। मौके पर मौजूद पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब हो कि मृतक गंगासागर टुडू दो भाइयों में बड़े थे और उनके माता -पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और दोनों भाई साथ में रहते थे। मृतक अविवाहित थे और उनकी मौत से छोटे भाई हेमसागर दहाड़ मारकर रो रहे थे।





