पटमदा के जाल्ला में अनियंत्रित कार ने 33 हजार खंभे को मारी टक्कर, बिजली गुल

Patamda: रविवार को शाम करीब 5.30 बजे लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर से लौट रही एक अनियंत्रित कार द्वारा 33 हजार वोल्ट के तार खंभे (रेल पोल) को जोरदार टक्कर मार देने से तिलाबनी फीडर एवं बोड़ाम प्रखंड के सभी गांवों में बिजली गुल हो गई है। यह घटना पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय पटमदा, जाल्ला के पास बेलटांड़ -रघुनाथपुर मुख्य सड़क के किनारे हुई। घटना के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार पर सवार लोगों की पिटाई भी कर दी जिसके बाद सभी इधर -उधर भाग निकले।

स्थानीय लोगों के मुताबिक फोर्ड कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। कार सवारों को घटना में हल्की चोटें आई हैं। सूचना पाकर पहुंची पटमदा पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए कार को जब्त किया है। इधर सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने लाइनमैन मोहम्मद महमूद को घटनास्थल पर भेजकर जानकारी ली और रात भर के अंदर ही बिजली की आपूर्ति शुरू कराने को लेकर नया खंभा लगवाने का निर्देश दिया। बताते हैं कि इस घटना के बाद दर्जनों गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है और रात्रि 12 बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।





