पटमदा के पाथरडीह गांव में मिट्टी के घर में चल रहा था आंगनबाड़ी केंद्र, भारी बारिश के कारण हुआ ध्वस्त

Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत दिघी पंचायत के पाथरडीह गांव में किराए के मकान में चल रहा आंगनबाड़ी केंद्र शनिवार को सुबह ध्वस्त हो गया। दिघी पंचायत के उपमुखिया राजशेखर महतो ने बताया कि पाथरडीह निवासी दशरथ महतो के एक कच्चे मकान में वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र चलता था जो लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आज सुबह भरभरा कर गिर गया।
गनीमत है कि केंद्र का ताला खोलने के पूर्व ही गिरा अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं के बीच पोषाहार का वितरण किया जाता है और कार्यावधि में दर्जनों की उपस्थिति रहती है। इस घटना में आंगनबाड़ी केंद्र में रखे कई सामान बर्बाद हो गए। दूसरी ओर लावा टोला कॉलेज मोड़ में शुक्रवार की देर शाम को शिवचरण महतो का एक कच्चा मकान भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के चारों ओर दीवारों पर दरारें पड़ जाने से घर के लोग दूसरे के घरों में शरण ले चुके हैं और उस घर में घुसने से भी कतरा रहे हैं। शिवचरण महतो के परिवार को अभी तक आवास योजना का लाभ नहीं मिलने एवं गरीबी के कारण पक्का मकान का निर्माण नहीं करवा पाए हैं। बरसात के मौसम में परिवार के सदस्यों के लिए परेशानी बढ़ गई है।






