पटमदा की 32 पीडीएस दुकानों में नहीं पहुंचा अगस्त का राशन, नाराज डीलरों ने सौंपा प्रभारी एमओ को ज्ञापन

Patamda : पटमदा प्रखंड के कुल 52 पीडीएस दुकानदारों में से 20 दुकानदारों को अगस्त का राशन भेजा जा चुका है जबकि 32 दुकानों के लिए राशन का आवंटन नहीं हुआ है। इसकी शिकायत पर मंगलवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जिला प्रवक्ता फनी भूषण महतो के नेतृत्व में कुछ दुकानदारों ने सीओ सह प्रभारी एमओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें एक ज्ञापन सौंपा गया और राशन का आवंटन जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि सरकार ने समय से पूर्व ही जून, जुलाई व अगस्त माह का राशन आवंटित कर दिया है। दो माह का राशन दिए जाने के बाद अगस्त माह का राशन एजीएम व डोर डिलीवरी इंचार्ज द्वारा रोक कर रखा गया है। मौके से प्रभारी एमओ द्वारा इस मामले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जाफर से फोन पर संपर्क करने पर उन्हें जवाब मिला कि मजदूरों का 10 माह से मजदूरी बकाया होने की वजह से उन लोग हड़ताल पर हैं। इसलिए एफसीआई गोदाम से ही राशन नहीं भेजा गया है। आश्वासन मिला कि 16 जुलाई से एफसीआई गोदाम से प्रखंडों में चावल व गेहूं भेजा जाएगा। जिसके बाद दुकानदारों को समय पर राशन भेज दिया जाएगा। मौके पर जूही महिला समूह जाल्ला, मां संतोषी महिला समूह बनगोड़ा, मां दुर्गा महिला समूह चौरा, जन जागृति महिला समूह आदि महिला समूह के अध्यक्ष-सचिव मौजूद थे।





