अबुआ आवास का निर्माण कार्य लंबित रखने वाले लाभुकों को बीडीओ ने दी चेतावनी, जल्द काम पूरा नहीं होने पर कार्रवाई
Patamda : बोड़ाम बीडीओ किकू महतो ने शनिवार को एई, जेई एई व पंचायत सचिव के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 के लंबित अबुआ आवास योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बोंटा, पातीपानी व डांगडुंग गांव में आदिम जनजाति समुदाय के बिरहोर, पहाड़िया व सबर जाति के लाभुकों को आगामी 10 दिनों के भीतर अबुआ आवास के निर्माण कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभुकों से पूछा कि दो लाख की योजना में तीन किस्तों में अबतक 1. 80 लाख रुपए देने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा क्यों है ? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने पर सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में बीडीओ ने बताया कि 2024-25 में बोड़ाम प्रखंड की 12 पंचायत अंतर्गत विभिन्न गांवों में 1400 लाभुकों को अबुआ आवास योजना का लाभ दिया जा चुका है। उनमें से अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और बाकी बचे लाभुकों की जांच कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।





