बेलटांड़-जोड़सा सड़क जर्जर, हादसों का खतरा बढ़ा
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत बेलटांड़ से चुड़दा-बांसगढ़ होते हुए पश्चिम बंगाल सीमावर्ती क्षेत्र स्थित जोड़सा गांव तक जाने वाली 10 किमी सड़क पूरी तरह जर्जर चुकी है। सड़क पर कई जगहों पर गढ्ढे बन गए हैं और गिट्टियां बिखर चुकी हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार आए दिन दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दुर्घटनाओं की आशंका से क्षेत्र के ग्रामीण हमेशा चिंतित रहते हैं। इस सड़क से पश्चिम बंगाल के लोग भी जरूरी काम से रोजाना जमशेदपुर आना जाना करते हैं, साथ ही पटमदा के लच्छीपुर, लावा, गोबरघुसी व जोड़सा पंचायत के दर्जनों गांवों के सैकड़ों छात्र स्कूल, कॉलेज एवं ग्रामीण जरूरी कामों में प्रखंड व अंचल कार्यालय आते हैं। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी भयावह बन जाती है।
ग्रामीणों की मांग पर करीब छह साल पहले सड़क का चौड़ीकरण सह सुदृढ़ीकरण काम की स्वीकृति मिली थी। करीब 4 साल पूर्व बनी सड़क निर्माण के कुछ दिनों के बाद ही कई जगहों पर गुणवत्ता की पोल खुलने से ग्रामीणों ने विभागीय कार्यपालक अभियंता से शिकायत की थी जिसके बाद कहीं – कहीं मरम्मत की गई थी लेकिन वह भी अधिक दिनों तक नहीं चली। पिछले कई माह से यह सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क के पुननिर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में लावा के ग्राम प्रधान बृंदावन दास व मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि ठेकेदार ने शुरू से ही निर्माण कार्य में अनियमितता बरतने का काम किया था जिसके कारण कम समय में ही फिर से खराब हो गई यह सड़क। इस संबंध में पटमदा दक्षिणी के जिला पार्षद प्रदीप बेसरा ने बताया कि इस सड़क की चौड़ीकरण सह सुदृढ़ीकरण के लिए स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो ने पथ निर्माण विभाग एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से मिलकर पहल शुरू कर दी है। अगर पथ निर्माण विभाग से इसका निर्माण कार्य जल्द होता है तो क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।





