विधायक के दौरे की खबर प्रखंड कमिटी को नहीं, कार्यकर्ता निराश
Gurabanda (S. Kumar): गुड़ाबांदा प्रखंड के अंगारपाड़ा पंचायत में रविवार को बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने दौरा किया। केंदुआपाल हरि मंडप से डीपासाई सड़क तक पीसीसी पथ निर्माण शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। विधायक के गुड़ाबांदा आने की सूचना झामुमो की प्रखंड कमिटी को नहीं मिली।
झामुमो के प्रखंड सचिव बुकाई सोरेन ने बताया कि कार्यकर्ता दिन रात मेहनत करते हैं। क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के प्रयास से पार्टी को समर्थन मिलता है और नेता विधायक बनते हैं। विधायक बनने के उपरांत कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। विधायक के दौरे और शिलान्यास कार्यक्रम की जानकारी प्रखंड कमिटी को नहीं दी जा रही है। अन्य प्रखंड के कार्यकर्ता प्रखंड के कार्यकर्ताओं पर हावी हो रहे हैं। इसके कारण प्रखंड के कार्यकर्ताओं में निराशा और नाराजगी है। प्रखंड सचिव बुकाई सोरेन और अन्य कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस मुद्दे को पार्टी महाधिवेशन में पार्टी के वरीय नेताओं के समक्ष उठायेंगे। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुराई टुडू ने भी बताया कि विधायक समीर मोहंती के दौरे की खबर उन्हें नहीं दी गई। प्रखंड में विधायक के कार्यक्रमों की जानकारी कमिटी को दिया जाना आवश्यक है।