बोड़ाम के युवक पर उलीडीह क्षेत्र में बाइक चोरी का आरोप, पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
Jamshedpur: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गुडरुबासा से एक जुलाई को हुई बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बोड़ाम थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बोड़ाम थाना अंतर्गत चिरुडीह गांव निवासी शंकर तंतुबाइ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, बाइक चोरी की घटना शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित गुडरूबासा की है। पीड़ित की शिकायत के बाद उलीडीह थाना प्रभारी कुमार अभिषेक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की रात बोड़ाम क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। छापेमारी दल में थाना प्रभारी के अलावा एएसआई बिरबल उरांव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बाइक चोरी की बात स्वीकार की है। अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने यह वारदात को अकेले अंजाम दी या इसके पीछे कोई गिरोह सक्रिय है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।





