बिजली की चपेट में आने से डांगरडीह में गाय की मौत, किसान को 70 हजार का नुकसान
Patamda: बोड़ाम प्रखंड की पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत डांगरडीह गांव में सोमवार की दोपहर को बिजली की चपेट में आने से जगदीश कुंभकार की एक गाय की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर मुखिया अजब सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया एवं पीड़ित परिवार को बिजली विभाग से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया । उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही की वजह से एक पशु की मौत हो गई।
घटना के बाद पशुपालन विभाग के टॉल फ्री नंबर पर कॉल करने पर विभाग की टीम पहुंची और गाय को मृत घोषित किया। मृत गाय का पोस्टमार्टम मंगलवार को करने का आश्वासन दिया गया है। इस संबंध में पीड़ित किसान के पुत्र तपन कुंभकार ने बताया कि यह साहिवाल किस्म की कीमती गाय थी और पहली बार बछड़े को जन्म दिया था। प्रतिदिन 10- 12 लीटर दूध देती थी। इस घटना में उन्हें करीब 70 हजार का नुकसान हुआ है। बताते हैं कि डांगरडीह पुलिस कैंप के पास ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद वहां मौजूद डीपी में बारिश के कारण जमीन पर करंट दौड़ने लगा है। घास चरने के बाद गाय के उधर से गुजरने के क्रम में यह हादसा हुआ। बिजली विभाग की ओर से कनेक्शन काट दिया गया है और शाम 8 बजे तक गांव में अंधेरा छाया हुआ था।





