पटमदा एवं बोड़ाम में आयोजित डीबीटी कैंप में उमड़ी महिलाओं की भीड़

Patamda: जिला प्रशासन के निर्देश पर मंगलवार को पटमदा एवं बोड़ाम प्रखंड कार्यालय सभागार में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के डीबीटी हेतु कैंप का आयोजन किया गया। पटमदा में स्टेट बैंक शाखा पटमदा, झारखंड ग्रामीण बैंक शाखा, पटमदा एवं बांगुड़दा, कॉपरेटिव बैंक शाखा पटमदा एवं इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक शाखा पटमदा से जुड़े कर्मचारियों ने अलग-अलग टेबुल लगाकर नॉन डीबीटी वाले लाभुकों का एनपीसीआई के माध्यम से डीबीटी करने एवं जनवरी से अप्रैल तक असफल भुगतान वाले लाभुकों का त्रुटि निराकरण हेतु कार्य किया गया। इसमें सुबह से दोपहर 3 बजे हजारों की संख्या में महिलाएं अपना आधार कार्ड, बैंक खाता एवं अन्य कागजात लेकर पहुंची और प्रखंड कार्यालय परिसर में गहमागहमी की स्थिति रही। महिलाओं की भीड़ को नियंत्रित करने में मौके पर मौजूद चौकीदारों एवं अन्य कर्मचारियों के पसीने छूटे। इस दौरान 200 से अधिक लाभुकों का डीबीटी किया गया। कैंप का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू को महिलाओं ने अपनी समस्याएं बताईं। दूसरी ओर गोबरघुसी पंचायत के कामारडूंगरी टोला की एक दर्जन सबर महिलाओं को कैंप से निराश ही लौटना पड़ा। किसी कारणवश उनका काम नहीं हो पाया।

जबकि बोड़ाम में अपेक्षाकृत भीड़ कम रही एवं 100 से अधिक महिलाओं का डीबीटी बैंक ऑफ इंडिया बोड़ाम शाखा, झारखंड ग्रामीण बैंक बोड़ाम एवं बड़ासुसनी शाखा एवं इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक बोड़ाम शाखा के कर्मचारियों द्वारा किया गया। इस दौरान बीडीओ किकू महतो एवं अन्य कर्मचारी सक्रिय रहे।





