दुस्साहस: काटिन बाजार में पलक झपकते ही उचक्कों ने उड़ाए 7 लाख के गहने, पुलिस कर रही तलाश

Patamda: चाकुलिया की तर्ज पर कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत काटिन चौक बाजार से मंगलवार शाम को हुई चोरी की घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है। यहां बाइक सवार उच्चकों ने करीब 7 लाख के गहनों की चोरी कर ली। अज्ञात बाइक सवारों ने बिल्कुल ही आसान तरीके से भीड़ के बीच से घटना को अंजाम दिया और नौ दो ग्यारह हो गया। गहनों से भरे बैग की चोरी करते हुए सनसनी फैला दी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और 16 घंटे बीतने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
इस संबंध में कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि काटिन चौक स्थित श्री श्याम ज्वेलर्स नामक आभूषण की दुकान चलाने वाले माणिक स्वर्णकार मंगलवार की रात करीब 8.20 बजे दुकान बंद करने के पश्चात अपनी बाइक पर सोने चांदी से भरे बैग को टांगकर घर जाने लगे। अचानक घर के लिए सामान ले जाने की बात याद पड़ने पर करीब 100 फीट दूर एक गल्ले की दुकान (श्याम भंडार) तक बाइक से गए। वहां दुकान के बाहर बराभूम- बांदोवान मुख्य सड़क के किनारे बाइक को छोड़कर वह जैसे ही एक कदम आगे बढ़े कि एक उचक्का अपनी बाइक से उतरकर माणिक की बाइक में टंगा बैग को उठाया और अपने साथी की बाइक के पीछे बैठकर भाग गया। इस घटना से माणिक स्वर्णकार दंग रह गया और शोर मचाने लगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार दो बाइक पर सवार लोग पहले से ही दुकानदार को फॉलो कर रहे थे। घटना के तुरंत बाद कुछ लोगों ने बराबाजार तक उस बाइक का पीछा भी किया लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। उप प्रमुख प्रतिनिधि विश्वनाथ माझी ने बताया कि मौके पर मौजूद लोग इस घटना को देख भौंचक रह गए कि कैसे भीड़भाड़ वाले बाजार में चोरों ने इतनी दुस्साहस दिखाई। उन्होंने बताया कि यह घटना दुकान एवं बाजार के अन्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और सूचना पाकर पहुंची कमलपुर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है लेकिन अब तक इस संबंध में कोई सफलता हासिल नहीं हो पाई है। क्षेत्र में पहली बार हुई इस तरह की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है और चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस मामले में बुधवार को कमलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु माणिक स्वर्णकार ने लिखित आवेदन किया है।





