पटमदा के कियाबहाल में डायरिया पीड़ितों का अस्पतालों में चल रहा इलाज, मेडिकल टीम ने लिया पानी का सैंपल

Patamda : पटमदा प्रखंड की लावा पंचायत अंतर्गत पोकलाबेड़ा के कियाबहाल टोला में शुक्रवार की सुबह डायरिया से 30 वर्षीय महिला विमली बेसरा की मौत के बाद पटमदा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह ने शनिवार को गांव में कैंप करते हुए डायरिया को नियंत्रण करने का प्रयास किया। कैंप से पूर्व सुबह 8 वर्ष की बच्ची अंजली बेसरा को परिजनों ने उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
जबकि पहले से ही मृतक बिमली बेसरा का बेटा विशाल बेसरा (6 वर्ष) का इलाज मर्सी अस्पताल एवं पार्वती बेसरा व कविता बेसरा का इलाज एमजीएम में चल रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरके सिंह ने बताया कि गांव में चिकित्सा दल द्वारा दूसरे दिन भी मेडिकल कैंप लगाकर सर्दी खांसी व बुखार से पीड़ित लोगों का इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि डायरिया का कोई नया मरीज नहीं मिला है। ग्रामीणों को उबाल कर पानी पीने के लिए कहा गया है। मौके पर उनके साथ सीएचओ सुरेश कुमार रजक व एएनएम आदि मौजूद थे। दूसरी ओर जमशेदपुर से आए डॉ. सुशील तिवारी ने गांव के कुएं एवं चापाकलों से पानी का सैंपल लिया जिसे जांच हेतु रांची भेजा जाएगा।





