पटमदा के मुकरूडीह में फैला डायरिया, 5 दर्जन से अधिक लोग प्रभावित

Patamda: पटमदा प्रखंड की लच्छीपुर पंचायत अंतर्गत मुकरूडीह गांव में पिछले 4 दिनों पूर्व डायरिया की बीमारी फैलने से अब तक 65 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सूचना मिलने पर रविवार को पटमदा के विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने पटमदा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह से संपर्क करते हुए गांव में कैंप लगाने का आग्रह किया। सुबह 11 बजे से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वयं उपस्थित रहकर दर्जनों मरीजों की जांच की एवं दवाइयां दीं। इनमें से एक महिला जो अधिक प्रभावित थी उन्हें नजदीकी अस्पताल पश्चिम बंगाल के बांदोवान में भर्ती कराया गया था जो आज ही स्वस्थ होकर लौटी हैं।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि गांव में स्थिति नियंत्रण में हैं और स्वास्थ्य सहिया को जरूरी दवाइयां उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि उबाला हुआ पानी का ही सेवन करें और किसी भी तरह की दिक्कत होने पर उन्हें तुरंत सूचना दें। मौके पर सीएचओ शिखा महतो, एमपीडब्ल्यू रविन्द्र नाथ दास, स्वास्थ्य सहिया एवं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो आदि मौजूद थे। दूसरी ओर दोपहर 1 बजे गांव पहुंचे विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने भी मामले की जानकारी ली लेकिन डायरिया फैलने का कोई स्पष्ट कारण कोई नहीं बता पाए। ग्रामीणों को अंदाजा है कि दूषित पानी की वजह से एक दर्जन से अधिक परिवारों में डायरिया फैली है। यहां के लोग कुएं एवं चापाकल का पानी पीते हैं। टुडू ने गांव में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की है।





