डॉ. प्रियंका झा ने पर्यावरण संरक्षण पर लिखी पुस्तक, मंत्री ने किया सम्मानित
Patamda: पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक पुस्तक पटमदा के माचा स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स हाइस्कूल की प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रियंका झा द्वारा लिखी गई है। इसका विमोचन शुक्रवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, उपायुक्त अनन्य मित्तल, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू एवं उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने किया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने डॉ. प्रियंका को सम्मानित किया। इस संबंध में डॉ. प्रियंका झा ने बताया कि जलवायु परिवर्तन और उससे हो रहे प्रभाव के बारे में इस पुस्तक में बताया गया है। साथ ही ग्रीन करिकुलम और विद्यालय स्तर पर एक क्लब की भूमिका किस प्रकार कम्युनिटी को इंगेज करके स्कूल फीचर इको फ्रेंडली स्कूल तैयार कर रहा है इसकी जानकारी इस पुस्तक में दी गई है। उन्होंने बताया कि झारखंड की अबुआ सरकार के द्वारा जल जंगल जमीन को बचाने की जो मुहिम चल रही है, उसी की तर्ज पर पर्यावरण संरक्षण, जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के लिए सतत विकास तथा पर्यावरण को बचाने की पहल की गई है। इस पुस्तक को 12 भागों में बांटा गया है। शिक्षा मंत्री के द्वारा लेखिका सह प्रधानाध्यापिका को बधाई दी गई एवं इस तरह की और भी किताबों को लिखने की सलाह दी गई। डॉ. झा के अनुसार मिशन लाइफ के तहत झारखंड के सभी विद्यालयों में इको क्लब का गठन किया गया है और संचालन किया जा रहा है। इको क्लब के विभिन्न गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने और पर्यावरण संरक्षण में इको क्लब की भूमिका किस तरह की हो, इसके बारे में किताब में बताया गया है। उन्होंने इसका श्रेय शिक्षा विभाग के आरडीडीई सह डीईओ मनोज कुमार, डीएसई आशीष कुमार पांडे एवं अपने माता-पिता को दिया है।