बोड़ाम के भूला मोड़ में हाई मास्ट लाइट खराब होने से अंधेरे में लोग, मरम्मत की मांग

Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत भूला मोड़ में सांसद विद्युत वरण महतो के सांसद फंड से लगी हाई मास्ट लाइट पिछले करीब 2 माह से खराब पड़ी है। इसके कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों एवं साप्ताहिक हाट बाजार में आने वाले क्रय -विक्रय करने वाले लोगों को अंधेरे में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में भूला गांव निवासी रजनीकांत सिंह, अंबुज गोराई, पिंटू मुखर्जी, जीवन सिंह व देवाशीष मुखर्जी ने बताया कि पिछले 3 सितंबर तक एक-दो एलईडी बल्ब काम कर रहा था लेकिन उसके बाद से पूरी तरह से बंद हो गई है रोशनी। इसके कारण भूला मोड़ की दुकानें समय से पूर्व ही बंद हो जा रही हैं और क्षेत्र के लोग असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। बताते हैं कि लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर से सटे भूला मोड़ में अंधेरा होने से इसका असर श्रद्धालुओं पर भी पड़ने लगा है। क्योंकि देर शाम अपने घर लौटने वाले लोगों को भीड़भाड़ होने की वजह से मोड़ में दुर्घटना का खतरा बना हुआ रहता है। स्थानीय लोगों ने स्थानीय सांसद एवं प्रशासन से खराब लाइट की मरम्मत हेतु गुहार लगाई है।





