एक माह बाद गांव में आई बिजली, बच्चों की पढ़ाई शुरू
Patamda: पटमदा के धूसरा गांव में करीब एक माह बाद शनिवार को बिजली आने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। लोग इस बात से अधिक संतुष्ट दिखे कि अब उनका मोबाइल फोन गांव में ही चार्ज हो जाएगा और दूसरे गांव जाना नहीं पड़ेगा एवं रात अंधेरे में गुजारना नहीं पड़ेगा। लेकिन उससे भी बड़ी खुशी बच्चों को मिली जब लगातार एक महीने तक शाम होते ही पढ़ाई से वंचित रहने वाले बच्चे अब फिर से अपनी पढ़ाई शुरू कर पाए।
इस संबंध में गांव के 45 वर्षीय जवाहर लाल मार्डी ने बताया कि बचपन से लेकर अब तक कभी भी महीने भर का लगातार गैप नहीं देखा जब बिना बिजली के रात गुजरी हो। लेकिन इस बार विभागीय लापरवाही कहें या प्रकृति की मार। नेता, मंत्री और विभागीय अधिकारी सभी से गुहार लगा थक चुके थे, अंत में शुक्रवार की देर रात नया ट्रांसफॉर्मर मिला जिससे आज गांव में बत्ती जलने से बड़ी राहत मिली। उन्होंने बताया कि जब पीडीएस दुकान से किरासन मिलता था तब ऐसी स्थिति नहीं होती थी अभी तो सरकार ने वह भी बंद कर दिया है इसलिए अधिक दिक्कत होती है।





