बारिश के दौरान चड़कपाथर में जले कई घरों के बिजली के मीटर, तीन दिनों के बाद आपूर्ति चालू
Patamda: पटमदा प्रखंड अंतर्गत कमलपुर पंचायत के चड़कपाथर गांव में 10 केवी का ट्रांसफॉर्मर पिछले 3 दिनों से खराब पड़ा था। पटमदा उत्तरी – 02 के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो द्वारा इस मामले की जानकारी विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता कपिल तिग्गा को दिए जाने के बाद शुक्रवार को मरम्मत कराई गई।
बिजली विभाग के कर्मचारी मोहम्मद महमूद ने बताया कि भारी बारिश के कारण ट्रांसफॉर्मर के अंदर कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। चड़कपाथर गांव में इस ट्रांसफॉर्मर से एक टोला के 15 परिवार का कनेक्शन है। लगातार बारिश के दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण गांव के कई घरों में मीटर जल गया था और 10 केवी का ट्रांसफॉर्मर डिस्कनेक्ट हुआ था। बिजली की आपूर्ति शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली। मौके पर धीरेन महतो, मधुसूदन महतो व पुणा महतो आदि मौजूद थे।





