जेएलकेएम के पूर्व प्रत्याशी विनोद स्वांसी क्षेत्र में हुए सक्रिय, आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा की मांग पर बीडीओ से की मुलाकात
Patamda: जुगसलाई विधानसभा सीट पर 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के टिकट पर चुनाव लड़कर करीब 37 हजार वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे टाटा स्टील के इंजीनियर विनोद स्वांसी ने फिर एक बार क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। वह जनहित के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के साथ लगातार मिलकर समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। मंगलवार को बोड़ाम बीडीओ किकू महतो से उनके कार्यालय में मुलाकात के दौरान विनोद स्वांसी ने आपदा प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों भारी बारिश के कारण बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में लोगों को काफी नुकसान हुआ है। कहा कि कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से उन परिवारों के लोग बेघर हो गए हैं और दूसरे के घरों में आश्रय लेने को मजबूर हैं। अभी तक कहीं भी प्रशासन की ओर से तत्काल राहत के रूप में कोई मदद नहीं मिलने से लोग बहुत ही कष्ट झेल रहे हैं। इसलिए प्रशासन अविलंब पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने को तत्परता दिखाएं। इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि क्षेत्र में 100 से अधिक पूर्ण या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके मकानों की जांच करते हुए अंचल कार्यालय से रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है।
मौके पर उनके साथ पूर्वी सिंहभूम जिला संगठन सचिव देवव्रत महतो, जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो, विष्णु महतो, राज महतो, मोहन लाल तांती व देवदीप महतो आदि उपस्थित थे। इस संबंध में विनोद स्वांसी ने बताया कि एक ग्रामीण की समस्या को लेकर अंचलाधिकारी से भी मिलना था लेकिन वह आज अनुपस्थित थे।





