घाटशिला उपचुनाव : बांग्ला भाषा के स्कूलों को पुनः चालू कराने की गारंटी पर ही पड़ेंगे बंगभाषी समुदाय के वोट

Jamshedpur: रविवार को घाटशिला के बड़ाजुड़ी में पूर्व मुखिया किरिटी सिंह के आवास में झारखंड बंगभाषी समन्वय समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नेपाल दास की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें समिति द्वारा चलाए जा रहे साक्षरता अभियान को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व शाखा सचिव स्वर्गीय ललित मंडल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ किया गया।
मौके पर नेपाल दास ने कहा कि पूर्व से चली आ रही बांग्ला भाषा संस्कृति को बचाए रखने के लिए गांव से शहर तक वृहत हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार को चेताने का काम हम करेंगे। रबीन्द्रनाथ दास ने कहा कि एक षड़यंत्र के तहत धीरे-धीरे हम बांग्ला भाषा संस्कृति को भूलते हुए दूसरी संस्कृति की ओर चले जा रहे हैं, जो सरासर गलत है, इस मुहिम में परिवार की महिलाएं आगे आकर संस्कृति को बचाए रखने में सहयोग प्रदान करे।
महासचिव संदीप सिन्हा चौधरी ने कहा कि विगत 25 सालों से झारखंड में प्रतिष्ठित 42 प्रतिशत बांग्ला भाषियों की मातृभाषा बांग्ला को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कई सरकारें आईं और गईं परन्तु बांग्ला भाषियों की मातृभाषा को बचाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हम अपनी लड़ाई को वृहत हस्ताक्षर अभियान के तहत् आगे बढ़ा रहे हैं और वर्तमान हेंमंत सरकार को यह निवेदन सहित चेताना चाहते हैं कि राज्य में रह रहे विशाल बांग्ला जनसमूह को तिरस्कार कर अधिक दिनों तक सरकार नहीं चला पाएंगे। श्री चौधरी ने यह कहा कि घाटशिला उपचुनाव में जो भी प्रत्याशी हमारे घरों में वोट मांगने आंएगे उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि क्षेत्र में बंद पड़े बांग्ला माध्यम के स्कूलों को पुनः चालू कराएंगे। साथ ही कक्षा 1 से 12वीं तक बांग्ला भाषा में किताबें मुहैया कराने, शिक्षकों की नियुक्ति यथाशीघ्र कराने के लिए वर्तमान सरकार में आवाज़ उठाएंगे।
बड़ाजुड़ी के पूर्व मुखिया किरिटी सिंह ने समिति द्वारा संचालित एवं कोविड के समय से बंद पड़े बांग्ला पाठशाला को पुनः शुरू कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान बड़ाजुड़ी शाखा के समिति को पुनर्गठित किया गया, जिसमें शाखा सभापति किरिटी सिंह, उपाध्यक्ष दिवाकर दास व पी. गोराई, शाखा सचिव कल्पना मंडल, सह सचिव प्रतिमा गोराई, अर्चना भकत, गीतारानी भकत। धन्यवाद ज्ञापन दिवाकर दास के द्वारा किया गया। हस्ताक्षर अभियान में मुख्य रूप से नेपाल दास, संदीप सिन्हा चौधरी, धनंजय दास, आशीष कुमार मंडल, रबीन्द्रनाथ दास, किरिटी सिंह, पी.गोराई, दिवाकर दास, बनश्री सरकार व दीपिका बनर्जी मौजूद थे। बड़ाजुड़ी समेत आस पास के क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दिया।





