हेमंत सोरेन को नहीं गरीबों की चिंता, रात के अंधेरे में लोगों पर बरसा रही लाठियां : आदित्य साहू

Gurabanda : गुड़ाबांदा प्रखंड के गुड़ा मैदान में बुधवार को भाजपा का पंचायत स्तरीय बूथ सम्मेलन संपन्न हुआ। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सह भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा प्रत्याशी को भारी बढ़त के साथ जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के गरीब वंचित लोगों के हित में काम हो रहा है। गरीबों को इलाज के लिए 5 लाख की व्यवस्था की गई है। हेमंत सोरेन की सरकार को गरीब व वंचितों की चिंता नहीं है। राज्य में अफसर लोगों की गाढ़ी कमाई को लूटने का काम कर रहे हैं। थाना में खुलेआम पैसा लिया जा रहा है। हेमंत सोरेन अपनी मांगो को लेकर आंदोलन करने वाले आदिवासी समुदाय के लोगों पर रात के अंधेरे में लाठियां बरसा रहे हैं।

साहू ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन वर्षों से समाजसेवा करते आ रहे हैं। लोगों के हर सुख और दुख में साथ दिया है और आगे भी साथ देते रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आदिवासियों के विकास और उनकी परंपराओं को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा की जीत समाजसेवा में जुड़ाव रखने वाले बाबूलाल सोरेन व पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के संघर्ष को मजबूती प्रदान करेगी।
मौके पर भाजपा नेता सह घाटशिला विधानसभा प्रभारी अभय सिंह, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, खिजरी के पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, प्रमुख शुभजीत मुंडा, मंडल अध्यक्ष रविंद्र नाथ गांतात, जिला मंत्री गौर चंद्र पात्र, किसान मोर्चा महामंत्री सुमंत श्यामल, दुर्गा प्रसाद प्रधान, अपु मंडल, दीपक मंडल, देवाशीष प्रधान, अर्जुन मंडल, गुरुचरण मुंडा व द्विजेन प्रधान आदि उपस्थित थे।




