संताली लेखक संघ के सैकड़ों सदस्य दो दिवसीय दौरे पर रवाना
Patamda: मंगलवार को अखिल भारतीय संताली लेखक संघ झारखंड शाखा के कार्यकारिणी पदाधिकारियों, सदस्यों, सैंकड़ों लेखकों और समाजसेवियों संग कोल्हान से धनबाद के लिए साहित्यिक परिभ्रमण का रथ रवाना हो गया।
रथ को झारखंड शाखा के सलाहकार भुजंग टुडु, मोहन चंद्र बास्के, ज्ञानरंजन मुर्मू, अध्यक्ष डॉ. रजनी कांत मांडी, उपाध्यक्ष पीताम्बर हांसदा, सचिव सुधीर चन्द्र मुर्मू, केन्द्रीय उपाध्यक्ष माणिक हांसदा आदि के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ मंगलवार को जमशेदपुर से धनबाद तक जाने के रास्ते में स्थित संताल आदिवासी समुदाय के विभिन्न धरोहर आदि का दर्शन किया गया। धनबाद शहर में आदिवासी संताल समुदाय के लोगों द्वारा परिभ्रमण रथ का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। धनबाद दिशोम जाहेर थान पहुंच कर स्थानीय लोगों के साथ मेल-मिलाप किया गया। तत्पश्चात पूरे धनबाद शहर का परिभ्रमण किया गया। दूसरे दिन दो अक्तूबर को माझी रामदास टुडू “रास्का” के 171वीं जयंती समारोह न्यू टाउन हॉल, धनबाद में अखिल भारतीय संताली लेखक संघ झारखंड शाखा द्वारा आयोजित 15वें वार्षिक साहित्यिक सम्मेलन में सभी लोग शामिल होंगे।
इस संबंध में सुधीर चंद्र मुर्मू ने बताया कि महासम्मेलन में बिहार, पश्चिम बंगाल, ओड़िसा असम और झारखंड के लगभग पंद्रह सौ संताली लेखक, साहित्यकार और समाज के लोग शामिल होने की संभावना है।