बोड़ाम में नवविवाहिता ने शादी 10 दिन बाद ही फांसी लगाकर की आत्महत्या, बनना चाहती थी टीचर
Patamda: बोड़ाम थाना अंतर्गत दामोदरपुर टोला रागडीह निवासी धुरंधर किस्कू की बेटी नवविवाहिता अष्टमी किस्कू (25) ने सोमवार की सुबह करीब 9 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।जानकारी मिलने पर परिजन तुरंत अष्टमी को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अष्टमी की शादी 15 अगस्त को एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा निवासी कुश मुर्मू से हुई थी।
कुश ने बताया कि शादी के बाद शनिवार को अष्टमी अपने मायके गई थी। सुबह 9 बजे वह दूसरे कमरे में गई और लकड़ी की कड़ी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। उसकी मां ने बताया कि वह शिक्षिका बनना चाहती थी इसलिए स्नातक के बाद बीएड की पढ़ाई की कर रही। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है। इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं और किसी के खिलाफ उन्हें कोई शिकायत भी नहीं है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। सोमवार को पंचनामा तैयार करने में देर होने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो सका, मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इस संबंध में मृतका के चाचा ने बताया कि बेटी की शादी अच्छे परिवार में दोनों पक्षों के राजी से ही हुई थी। उन्होंने बताया कि अष्टमी के ससुर कृषि विभाग के कर्मचारी हैं। 4 भाइयों में कुश तीसरे हैं। बड़ा भाई झारखंड पुलिस में दारोगा हैं और वह सपरिवार रांची में ही रहते हैं। दूसरे और तीसरे भाई पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तैयारी कर रहे हैं जबकि छोटे भाई एवं तीन बहनें भी पढ़ाई कर रही हैं। बड़ी बहन एएनएम की नौकरी कर रही है। अष्टमी की आत्महत्या की घटना से दोनों ही परिवार को गहरा झटका लगा है।





