बोड़ाम क्षेत्र में मनचले बाइकर्स ने शिक्षक की बाइक को मारी टक्कर, गंभीर
घायल शिक्षक
बोड़ाम के राघमागोड़ा निवासी घायल शिक्षक एमजीएम अस्पताल में इलाजरत
Patamda: बोड़ाम थाना क्षेत्र में इन दिनों मनचले युवाओं का आतंक सिर चढ़कर बोलने लगा है और आमलोग इनकी हरकतों से परेशान हैं। मुख्य सड़क पर ट्रिपल राइड बाइक से स्कूली छात्राओं को छेड़ना व उन पर फब्तियां कसना उनकी दिनचर्या में शामिल हो गई है। इस पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को बारियादा गांव में बेलटांड़- रघुनाथपुर मुख्य सड़क के बीच हुई एक सड़क दुघर्टना में एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बोड़ाम के चिरुडीह स्थित एक नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
घायल शिक्षक श्रावण गोप (57 वर्ष) बोड़ाम गांव के राघमागोड़ा टोला निवासी और उत्क्रमित मध्य विद्यालय बारियादा के सहायक अध्यापक हैं। वह दोपहर करीब 3 बजे विद्यालय से छुट्टी के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने ओवरटेक के चक्कर में शिक्षक की बाइक को टक्कर मार दी जिससे वह घटनास्थल पर ही गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। उनके सिर और चेहरे पर चोट लगी। बेलडीह पंचायत के पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने तत्काल उनकी मदद करते हुए नर्सिंग होम पहुंचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले बंगोई गांव निवासी 3 युवक एक बाइक पर सवार थे और तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे। बारियादा के पूर्ण चंद्र महतो ने बताया कि कुछ मनचले युवक नियमित स्कूल छुट्टी के वक्त दिघी भूला उच्च विद्यालय के पास बाइक लेकर आते हैं और स्टंटबाजी करते हैं। साथ ही रास्ते में प्रेशर हॉर्न बजाते हुए स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़खानी करने के साथ – साथ ताना मारने का काम बेखौफ होकर करते हैं। अगर समय रहते स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है। इधर बुधवार को हुई घटना के बाद बोड़ाम पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।





