सीएम हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में भोगनाडीह हूल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे मंत्री रामदास सोरेन, पटमदा में हुआ स्वागत

Patamda : दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत होने की वजह से उनकी देखभाल कर रहे राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। दिल्ली में होने की वजह से ही वह इस साल हूल दिवस के मौके पर साहेबगंज जिला अंतर्गत अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट के भोगनाडीह में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। भोगनाडीह स्थित सिदो -कान्हु पार्क में हूल दिवस के मौके पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम में सीएम के निर्देश पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन। रविवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित अपने आवास से रवाना होने के क्रम में शाम करीब साढ़े 6 बजे पटमदा के बेलटांड़ चौक में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू के नेतृत्व में झामुमो नेता व कार्यकर्ताओं ने मंत्री का फूल माला के साथ स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के सवाल पर कहा कि राज्य में बहुत जल्द 44750 शिक्षकों की बहाली होने वाली है और उसके लिए तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षकों की कमी को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कई कमेटियों को हूल दिवस के आयोजन हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की। मंत्री का स्वागत करने वालों में झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, जिप प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, प्रखंड अध्यक्ष अश्विनी महतो, हरिहर सिंह, जीतुलाल मुर्मू, माणिक महतो, सिजेन हेंब्रम, कालीपद सोरेन, जहरलाल मांडी, सुधीर हांसदा, काजल सिंह व सुशील बेसरा समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।





