गोकुलनगर मामले में मृतक की मां के साथ जेएलकेएम ने डीसी व एसएसपी को ज्ञापन सौंपा, कड़ी कार्रवाई की मांग
Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकुलनगर निवासी रहे जीत महतो की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में हुई मौत मामले में शनिवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मृतक की मां पूजा महतो को साथ लेकर जिले के उपायुक्त (डीसी) एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की एवं ज्ञापन सौंपा। इसका नेतृत्व पार्टी के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राम प्रसाद महतो कर रहे थे।
इस संबंध में पार्टी के जिला प्रवक्ता सुब्रत महतो ने बताया कि पहले गोकुलनगर (डिमना) में मृतक जीत महतो के परिजनों से मुलाकात करते हुए मामले की विस्तृत जानकारी ली गई। जीत महतो के साथ जो अमानवीय कृत्य किया गया इसमें उन्हें न्याय दिलाने के लिए पीड़ित परिवार को साथ देने का भरोसा दिलाया गया। मृतक की मां एवं अन्य परिजनों के साथ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में एमजीएम थाना अंतर्गत पुलिस हिरासत में कथित पिटाई से जीत महतो की हुई मौत को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की गई। कहा गया कि जीत महतो, वर्तमान गोकुलनगर निवासी की मृत्यु पुलिस के बर्बर एवं गैरकानूनी व्यवहार का परिणाम है। पुलिस हिरासत में किसी भी व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का सीधा उल्लंघन है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इस मामले में धारा 302 के तहत एमजीएम थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा एवं अन्य सुविधाएं दी जाए। जेएलकेएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला और दोषी पुलिसकर्मियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर मृतक की मां पूजा महतो एवं अन्य परिजनों के अलावा जेएलकेएम नेता देवव्रत महतो, राम प्रसाद महतो, सुब्रत महतो, पूनम महतो, सुलोचना महतो, अंकित महतो, राजा कालिंदी, संजय गोराई, बिमल महतो, फनी महतो, गणपति करुआ, अनित महतो, मोहिता महतो, उमेश महतो, सुनिल नमाता, एकलव्य महतो, रुपेश गोराई, मंटू महतो एवं रंजीत महतो आदि शामिल थे।





