एसएस प्लस टू हाई स्कूल पटमदा में मना अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस, नियमित विद्यालय आने वाली आशा और रूपाली हुई सम्मानित
Patamda : शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एसएस +2 हाई स्कूल पटमदा में सिकुई दुकुई अभियान के तहत बालिका शिक्षा व महिला सशक्तीकरण हेतु कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष प्रार्थना सत्र के माध्यम से बालिकाओं को रोजाना स्कूल आने की शपथ दिलवाई गई।
प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने बालिकाओं के मजबूत व्यक्तित्व निर्माण हेतु आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। वहीं शिक्षक-अभिभावक बैठक के माध्यम से बालिकाओं के उत्थान हेतु चर्चा की गई। इस दौरान बालिकाओं और अभिभावकों को सावित्री बाई फूले किशोरी समृद्धि योजना, मिशन वात्सल्य, अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप, साइकिल वितरण योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति आदि योजनाओं की समुचित जानकारी दी गई। बालिकाओं ने विद्यालय से गांव तक रैली निकालकर ग्रामीणों को भी जागरूक किया। मेरा सपना, मेरी पहचान विषय पर पोस्टर निर्माण कर विद्यालय के दीवारों पर लगाया।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थित रहने वाली आशा कुंभकार (वर्ग 10) और रूपाली मंडल (वर्ग 11) को सम्मानित कर किया गया। मौके पर निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने भी बच्चों को बालिका दिवस के सामाजिक और वैश्विक परिप्रेक्ष्य पर बातचीत करते हुए समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर जोर दिया, जिससे किशोरियों व महिलाओं का बेहतर उत्थान का सपना सच हो सकेगा। कार्यक्रम का आयोजन डॉली डे, आशा कुमारी, मिताली बसु, अनिता मुर्मू, तान्या सिंह, रिक्ता , रितिका गुंजन, रिंकी कुमारी व अन्य शिक्षिकाओं के सम्मिलित प्रयास से सम्पन्न हुआ।





