पलाशबनी में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में बोले आईपीएस डॉ. एहतेशाम वकारिब : मेहनत, अनुशासन और सही दिशा से कोई भी आगे बढ़ सकता है

Jamshedpur: रविवार को एमजीएम थाना क्षेत्र के पलासबनी गांव (नेशनल हाइवे के पास) में शेप योर फ्यूचर नाम से एक करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसका आयोजन बिदू चांदान ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एम्पावरमेंट ने किया, जिसमें बेस्ट संस्था ने पूरा सहयोग दिया।
कार्यक्रम में बच्चों को पढ़ाई, करियर और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के बारे में बताया गया। बेस्ट संस्था ने बच्चों को समझाने, सवालों के जवाब देने और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
बतौर मुख्य अतिथि आईपीएस डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सही दिशा से कोई भी आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव भी बच्चों से साझा किए। बिदू चांदान ट्रस्ट गांव में एक लाइब्रेरी और फ्री क्लास सेंटर चला रहा है, जहां रोज़ करीब 300 बच्चे पढ़ते हैं। यहां सिर्फ किताबें ही उपलब्ध नहीं बल्कि पढ़ाने वाले शिक्षक भी रोज आते हैं। कार्यक्रम में एकलव्य स्कूल के होनहार बच्चों और जिला टॉप करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। ये सभी बच्चे ट्रस्ट के सहयोग से पढ़कर आगे बढ़े हैं। जल ज्योति फाउंडेशन ट्रस्ट से दीपक रंजीत और सुबोध गौड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा हम बच्चों को सिर्फ किताब नहीं, आगे बढ़ने का रास्ता देना चाहते हैं। शिक्षा से ही बदलाव आता है, और हम हर उस कोशिश में साथ रहेंगे जहां बच्चों के सपने जुड़े हों। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रस्ट बच्चों की पढ़ाई में आगे भी हरसंभव मदद करेगा। कार्यक्रम में बच्चों, माता-पिता, शिक्षक और गांव के कई लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का अंत एक प्रेरणादायक गीत और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मौके पर शिवानी मार्डी, सिमोती बेसरा, संगीता सोरेन, शकुंतला बेसरा, दीनबंधु भूमिज व मंगल मुर्मू आदि लोग उपस्थित थे।





