पटमदा प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख के किराए के मकान से गहनों की चोरी
Patamda: पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगाटांड़ गांव में अगाढ़ा के पास किराए के मकान में रहने वाले शिक्षक सुधांशु महतो के घर में ताला तोड़कर अज्ञात लोगों द्वारा गहनों की चोरी कर ली गई है। इस संबंध में पीड़ित सुधांशु महतो की पत्नी सह पूर्व प्रखंड उप प्रमुख सुमित्रा महतो ने पटमदा थाने में शिकायत की है।
सुमित्रा महतो ने बताया कि उनके ससुर का देहांत होने के पश्चात उन लोग अपने गांव चौरा में ही पिछले एक माह से रह रहे थे। जबकि उनका बेटा व परिवार के अन्य सदस्य प्रतिदिन आकर दिन में एक – दो घंटे तक रुकने के बाद ताला बंद करके लौट जाते थे। उन्होंने बताया कि उक्त मकान सुंदरपुर काशीडीह निवासी बाणेश्वर महतो का है जिसमें उन लोग किराए पर रहते हैं। पिता के आकस्मिक निधन के पश्चात आर्थिक तंगी से जूझ रहे सुधांशु महतो बीमार पड़ गए हैं और वह अपने घर पर ही रह रहे हैं। शुक्रवार को सुबह जब मकान मालिक बाणेश्वर महतो उस मकान में पहुंचे तो दरवाजा खुला देख आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अंदर घुसने पर देखा कि एक बक्सा का ताला टूटा है और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सुधांशु महतो के बेटे को दी इसके बाद शाम को पटमदा थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी गई।
सुमित्रा महतो के अनुसार चोरी की घटना गुरुवार रात की है। उन्होंने बताया कि इस घटना में बक्से में रखा चांदी का पायल, कान की बाली (सोने की) एवं माथा पट्टी आदि की चोरी कर ली गई जिसकी कीमत हजारों में है। इसके अलावा भी कई सामान गायब हैं। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं की गई है।