झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने डीसी को ज्ञापन सौंपा, कस्तूरबा विद्यालय मामले में आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Patamda: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के जमशेदपुर नगर अध्यक्ष रामप्रसाद महतो के नेतृत्व में मंगलवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पटमदा के मामले में जिले के उपायुक्त (डीसी) से मिला और ज्ञापन सौंपा। चार सूत्री ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि दोषी प्रभारी वार्डन को तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाय, घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराते हुए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाय, पीड़ित छात्राओं को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, मानसिक परामर्श सेवा एवं न्यायोचित मुआवजा प्रदान किया जाय तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने दिशा – निर्देश और निगरानी प्रणाली मजबूत किया जाय।
इस संबंध में पार्टी के कोल्हान प्रमंडल सचिव उज्ज्वल महतो ने बताया कि पटमदा प्रखंड अंतर्गत बांगुड़दा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की शिक्षिका द्वारा 9 बच्चियों के साथ की गई दण्डात्मक कारवाई तथा अमानवीय घटना के बाद चारों छात्राओं की तबीयत खराब हुई। उन छात्राओं की गलती इतना ही थी कि वह सावन महीना की तीसरी सोमवारी के मौके पर पूजा करने के लिए मंदिर गई थीं, इसी कारण लेट हुई परंतु यह बात शिक्षिका को रास नहीं आई। शिक्षिका ने 200 बार उन छात्राओं से उठक बैठक करायी, जिसमें उनकी तबीयत बहुत बिगड़ गई और उन लोगों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इसी अमानवीय व्यवहार के कारण शिक्षिका के खिलाफ कारवाई की मांग की जा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से जिला महासचिव दिनेश महतो, कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव उज्ज्वल महतो, कोल्हान प्रमंडल एससी मोर्चा के अध्यक्ष राजा कालिंदी, एकलव्य महतो व करण गोराई आदि उपस्थित थे।





