झामुमो का प्रखंड सम्मेलन संपन्न, पटमदा में अश्विनी व बोड़ाम में दीपंकर पुनः बनाए गए अध्यक्ष
पटमदा में नव चयनित पदाधिकारियों के साथ अतिथिगण।
बोड़ाम में नव चयनित पदाधिकारियों के साथ विधायक मगंल कालिंदी व अन्य झामुमो नेता।
Patamda: पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक मंडली की ओर से रविवार को बोड़ाम एवं पटमदा प्रखंड में झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। बोड़ाम प्रखंड का कार्यक्रम चिरूडीह स्थित सामुदायिक भवन परिसर जबकि पटमदा का बिड़रा ग्राम संसद भवन में संपन्न हुआ। दोनों ही जगहों पर सर्वसम्मति बनाई गई। जुगसलाई विधायक मगंल कालिंदी एवं चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में संयोजक मंडली के प्रमुख बाघराय मार्डी व सदस्यों में सुनील महतो, लालटू महतो, चंद्रावती महतो, विद्यासागर दास, सागेन पूर्ति, गोपाल महतो व प्रीतम हेंब्रम की उपस्थिति में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। हालांकि अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलने पर वे दुखी नजर आए और उनके समेत पुराने नेता व कार्यकर्ताओं ने इस चुनावी प्रक्रिया पर अपनी मौन सहमति दिखाई। इससे पूर्व तक प्रखंड सम्मेलन का आयोजन जिस तरह का होता था उसकी चर्चा दूसरे दलों एवं बाजारों तक में होती थी। इस बार कुछ अलग होने से कार्यकर्ता आपस में गुफ्तगू करते रहे लेकिन किसी ने भी विरोध करना उचित नहीं समझा। महज डेढ़ घंटे के अंदर ही चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने से कार्यकर्ता अपनी बात तक नहीं रख पाए। इस संबंध में प्रखंड अध्यक्ष के दावेदार रहे शंभू दास ने कहा कि इस बार का प्रखंड सम्मेलन में मनोनयन जैसा माहौल रहा।
कुल मिलाकर दोनों ही जगहों पर शांतिपूर्वक कार्यक्रम संपन्न हुआ और गहमागहमी का माहौल नहीं दिखा। बोड़ाम में तीनों पदों पर पुराने चेहरों पर ही सर्वसम्मति बनाई गई। अध्यक्ष दीपंकर महतो, सचिव छुटुलाल हांसदा एवं कोषाध्यक्ष काजल सिंह बनाए गए। जबकि पटमदा में अध्यक्ष पद पर दुबारा अश्विनी महतो, सचिव शंकर मांडी एवं कोषाध्यक्ष हरिहर सिंह पहली बार बनाए गए। दोनों ही जगहों पर नव चयनित पदाधिकारियों का अतिथियों द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मानित किया गया। कार्यकर्ताओं द्वारा भी पदाधिकारियों को बधाई दी गई।
बोड़ाम में स्थानीय झामुमो कार्यकर्ताओं में मुख्य रूप से माणिक महतो, रूपनारायण मोदक, विनय मंडल, बबी महतो, सुकुमार बेसरा, शिवशंकर महतो, मनसा राम हांसदा, आदित्य कुंभकार, रतिरमण सिंह, ईशान चंद्र मुर्मू, सुरेंद्र प्रमाणिक, कृष्णपद महतो, राजेश कुशवाहा एवं शंभू सिंह आदि मौजूद थे। जबकि पटमदा में विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, सुभाष कर्मकार, यामिनी प्रमाणिक, उज्ज्वल दास, शंभू दास, सनत बेसरा, आनंदमय महतो, विश्वनाथ महतो, गोपाल महतो, कालीपद महतो, समीर महतो, जीतूलाल मुर्मू, संजय सिंह, सुजीत महतो, तिलोत्तमा कालिंदी, कालीराम सिंह, माणिक महतो, राधेश्याम दास, स्वपन महतो, मंटू महतो, प्रवीर सिंह, सुनील महतो व निर्मल मुर्मू आदि मौजूद थे।