झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन ने गालूडीह व गुड़ाबांदा में सोमेश के समर्थन में की सभा

स्व रामदास सोरेन ने विधानसभा में किए ऐतिहासिक कार्य, सोमेश को जिताकर दें श्रद्धांजलि : कल्पना सोरेन

Gurabanda/Jamshedpur : स्व रामदास सोरेन विधायक से पहले माझी बाबा थे और झारखंडी आदिवासी समाज में यह बड़ा पद होता है। वह हमेशा समाज को एकजुट रखने काम किए। उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ जल जंगल जमीन की रक्षा एवं झारखंड अलग राज्य के लिए लड़ाई लड़ी। गुरुजी के निधन के कुछ दिनों के अंदर ही रामदास दा भी हम सभी को छोड़कर चल बसे। गुरु – शिष्य एक साथ भगवान के पास चले गए। यह बातें मंगलवार को झामुमो की स्टार प्रचारक सह गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गालूडीह एवं गुड़ाबांदा प्रखंड के जयघंटपुर फुटबॉल मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने स्व. रामदास सोरेन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके पुत्र सोमेश सोरेन को तीर धनुष निशान पर वोट देकर जिताने की अपील की।

उन्होंने कहा कि 2024 में आप लोगों ने यहां से रामदास दा को विधायक बनाकर भेजा और उनकी दूरदर्शी सोच की बदौलत उन्होंने मंत्री बन कर इस क्षेत्र में पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय बनाने का काम किया। इसके अलावा शिक्षा मंत्री के रूप में बेहतर काम कर रहे थे लेकिन आज वह हमारे बीच नहीं रहे, आज अगर सबसे ज्यादा किसी को दुख हुआ तो वह है सूरजमनी सोरेन, उनकी मांग का सिंदूर उजड़ गया और महिलाएं ही इस बात को अच्छी तरह से समझ सकती हैं कि पति के खोने का गम क्या होता है इसलिए उनके बेटे को आपका पूरा समर्थन चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को आपके बीच प्रत्याशी बनाया है जो इंजीनियरिंग (बीटेक) की पढ़ाई कर चुके हैं। वह अपने पिता के अधूरे कामों को पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्व रामदास सोरेन ने विधानसभा क्षेत्र के लिए की ऐतिहासिक कार्य किए हैं। बच्चों की शिक्षा को पहली प्राथमिकता दी। उनको श्रद्धांजलि देने की बारी है। सोमेश चंद्र सोरेन के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा कि आपका प्रत्याशी शिक्षित है। इनको जिताकर रामदास सोरेन के सपनों को साकार करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह रामदास सोरेन दिन रात आपकी सेवा में उपस्थित रहते थे। सोमेश भी उसी तरह से आपकी सेवा में उपस्थित रहेगा।
कल्पना सोरेन ने हेमंत सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आपके हेमंत दादा और बेटा ने राज्य की आधी आबादी को हिम्मत और ताकत देने का काम किया है। राज्य के हर वर्ग के लोगों के लिए योजनाएं लागू करने का काम किया। इससे पूर्व की सरकारों ने कभी भी झारखंडी जनता के बारे में नहीं सोचा। हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य के लोगों को एक अलग पहचान दी है और आज हम गर्व से कहते हैं कि हम झारखंडी हैं। उन्होंने बिजली बिल माफी, कृषि लोन माफी और फ्री बिजली का भी उल्लेख किया है। राज्य सरकार की योजनाओं की सफलता देखकर अन्य राज्य इसकी कॉपी कर रहे हैं। चुनावी सभा में कल्पना सोरेन को सुनने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी थी। सभा में स्व रामदास सोरेन की पत्नी सुरजमनी सोरेन संबोधित करने के दौरान भावुक होकर रो पड़ीं, कल्पना सोरेन ने उनके पास आकर उन्हें संभाला।
सभा को मंत्री दीपक बिरुआ व सुदिव्य कुमार सोनू, राजमहल के सांसद विजय हांसदा, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, राज्यसभा सांसद महुआ माजी व सरफराज अहमद, पोटका विधायक संजीव सरदार, सिल्ली विधायक अमित महतो, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, राजद नेता सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता व झामुमो नेता आस्तिक महतो व गणेश माहली ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू व बहरागोड़ा प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा ने किया। मौके पर मोहन कर्मकार, प्रमोद लाल, हिदायतुल्ला खान, असित मिश्रा, सुराई टुडू, बुकाई सोरेन, सरोज महापात्र, दुलाराम मुर्मू, शंकर चंद्र हेंब्रम, लालटू महतो, नीता सरकार, बारी मुर्मू, पंकज सिन्हा, पिंटू दत्ता, सुनील महतो, चंद्रावती महतो व चंद्रशेखर टुडू आदि मौजूद थे।





