गुड़ाबांदा में हेमंत सरकार पर बरसे मरांडी, कहा: भ्रष्ट अधिकारी ब्लॉक स्तर से मुख्यमंत्री को पहुंचा रहे कमीशन
Gurabanda : गुड़ाबांदा प्रखंड के फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत बालियापोसी फुटबॉल मैदान में रविवार को भाजपा का पंचायत स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन उपस्थित हुए।
बाबूलाल मरांडी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में झारखंड का गठन हुआ। इसके पहले कांग्रेस ने झारखंड वासियों को ठगने का काम किया। उन्होंने गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन क्षेत्र की खनिज संपदा दिल्ली और मुंबई के दलालों के हाथ में सौंप दिया है। स्थानीय युवाओं को इससे कोई रोजगार नहीं मिल रहा है। झारखंड के अधिकारी भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर से ऑफिसर मुख्यमंत्री को कमीशन पहुंचा रहे हैं। इसलिए कोई अधिकारी जनता की बातें नहीं सुनता है। उन्होंने झारखंड के लोगों के हितों की रक्षा करने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में आदिवासी सुरक्षित नहीं हैं। आदिवासियों की जमीन, संस्कृति, पूजा पद्धति और पहचान भी सुरक्षित नहीं है। वीर शहीद सिदो कान्हो के गांव में भोगनाडीह की जमीन भी नहीं बचा पा रही है। बांग्लादेशी घुसपैठिए गांव में कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने कहा सिदो कान्हो के वंशज मंडल मुर्मू पर भी लाठीचार्ज किया गया। चाईबासा में नो एंट्री की मांग कर रहे आदिवासियों पर लाठीचार्ज किया गया। सैकड़ों लोगों पर फर्जी केस दर्ज किया गया और इसका दोष चंपाई सोरेन और बाबूलाल मरांडी पर डाल रहे हैं। चंपाई सोरेन ने कहा कि घाटशिला में भाजपा को जिताएं, घुसपैठिए को वापस भेजना शुरू कर देंगे।
सम्मेलन को पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहन और अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया एवं भाजपा को वोट देकर बाबूलाल सोरेन को जिताने की अपील की। मौके पर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, मंडल अध्यक्ष रविंद्र नाथ गांतात, जिला मंत्री गौर चंद्र पात्र, द्विजेन प्रधान, रामचंद्र हेम्ब्रम, रसानंद पातर समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।





