नक्सलियों की गोली के शिकार पूर्ण सिंह नहीं रहे, टीएमएच में तोड़ा दम, शोक की लहर
Patamda: दिवंगत झामुमो नेता डोरेन के सहयोगी रहे एवं 2009 में नक्सलियों की गोली से घायल हो चुके बोड़ाम थाना क्षेत्र के कुमारी गांव निवासी झारखंड आंदोलनकारी पूर्ण चंद्र सिंह का सोमवार को टीएमएच अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। इससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
करीब 55 वर्षीय पूर्ण चंद्र को शनिवार की सुबह पेट दर्द की शिकायत पर परिजनों द्वारा टीएमएच में भर्ती कराया गया था। इलाज के क्रम में रविवार को स्थिति बेहतर हो गई थी लेकिन सोमवार को सुबह करीब 9 बजे अचानक हार्ट अटैक होने से दम तोड़ दिया। पूर्व पार्षद स्वपन कुमार महतो ने बताया कि पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां के करीबी रहे डोरेन सिंह मुंडा की नक्सलियों ने कुमारी गांव में ही गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनके साथ उनके घर के बाहर मौजूद पूर्ण चंद्र के जांघ में गोली मारकर नक्सली फरार हो गए थे। लंबे समय तक इलाज के बाद वह ठीक हुए थे हालांकि एक पैर से अपंग हो चुके थे। सूचना मिलते ही विधायक मगंल कालिंदी, प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, पारा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुमित तिवारी समेत काफी संख्या में लोग पहुंचे और शोक व्यक्त किया। वह अपने पीछे पत्नी व दो पुत्रों को छोड़ गए। बड़े बेटे दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा है जबकि छोटे बेटे जमशेदपुर में ही स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।





