नेहरू युवा केंद्र ने मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती
Patamda: नेहरू युवा केंद्र एवं व्यक्तित्व विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मिर्जाडीह स्थित ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल में मनाई गई। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मधुकर कुमार ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अपने वतन से बहुत लगाव था। शिक्षित परिवार में जन्म लेने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की। लेकिन देश प्रेम से उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। उनके कारण ही बंगाल का विभाजन रुका। वे हमेशा देश को एक सूत्र में बांधे रखने के हिमायती थे।
व्यक्तित्व विकास संस्थान के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।उनकी जीवनी को स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, जिससे बच्चे इससे प्रेरणा ले सकें।उन्होंने कहा कि भारत सरकार के निर्देश पर नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम का संचालन व्यक्तित्व विकास संस्थान के सचिव मनोज कुमार ने किया। मौके पर पीएलवी मनोज महतो, रितेश कुमार, सुनील पांडेय, ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के शिक्षक बीरेंद्र मिश्रा, अमन पाण्डेय समेत काफी संख्या में छात्र मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर आधारित भाषण प्रतियोगिता कराई गई। स्कूल के होनहार छात्र युवराज सिंह को प्रथम, पीयूष कुमार को द्वितीय तथा शिवम् ओझा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।





