उपायुक्त के आदेश पर 24 घंटे के अंदर लावा में लगा ट्रांसफॉर्मर
Patamda : पटमदा के लावा पेट्रोल पंप के सामने एक माह के अंदर दूसरी बार 100 केवी का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से लोग परेशान थे। ग्रामीणों से इसकी सूचना मिलने पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी विश्वनाथ महतो ने जिले के उपायुक्त को एक पत्र लिखकर व्हाट्सएप मैसेज किया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग के जीएम को आदेश दिया। इसके बाद कार्यपालक अभियंता ने 24 घंटे के अंदर ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया इससे उमस भरी गर्मी में ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताते हैं कि पिछले करीब एक माह के दौरान दूसरी बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने से लोग काफी परेशान हो गए थे। पहली बार 29 जून को भारी बारिश के बीच जो ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था उसमें दूसरे ही दिन शिकायत होने लगी। एक फेज खराब होने से दो फेज में ही उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाने लगी थी फिर कुछ दिनों के अंदर एक और फेज खराब हो गया। सिंगल फेज में लो वोल्टेज की समस्या के बीच विभागीय अधिकारियों से डिमांड करने के बाद जब ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसकी शिकायत जिले के उपायुक्त से करते हुए गुहार लगाई गई। मंगलवार को देर शाम तक डीपी में ट्रांसफॉर्मर को चढ़ाने के बाद चार्ज में लगाया गया और एलटी लाइन का केबुल तार बदल दिया गया। इससे बुधवार को उपभोक्ताओं को बिजली मिलनी शुरू हो गई।
इस दौरान ग्रामीणों के बीच समाजसेवी विश्वनाथ महतो की जय जयकार होने लगी। इस संबंध में विश्वनाथ महतो ने कहा कि इससे पूर्व भी ट्रांसफार्मर खराब हुआ था, जिसे लगाने के 5 दिन बाद ही फिर से ट्रांसफार्मर खराब हो गया था जिससे ग्रामीण काफी परेशान थे। मौके पर विश्वनाथ महतो, हृदय कुंभकार, विजय पंडित, ईशान चंद्र गोप, प्रदीप बेसरा, सरकार कालिंदी, सुखेन कुंभकार, फूलचांद कुंभकार, मिस्त्री सुरेश रजक, सचिन दास व भोला माझी आदि उपस्थित थे।





