साउथ प्वाइंट स्कूल में अभिभावक–शिक्षक बैठक आयोजित
Patamda: पटमदा के गोबरघुसी स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल में शनिवार को “अभिभावक–शिक्षक बैठक” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य, अभिभावकगण एवं शिक्षकवृंद ने संयुक्त रूप से मां शारदे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित किया। तत्पश्चात अभिभावकों के लिए बच्चों ने स्वागत गीत और स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यालय परिसर में सुबह से ही अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली।
प्राचार्य अरूण कुमार सिंह ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चे के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच सशक्त सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय में चल रहे विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की। सभी कक्षाओं के शिक्षकों ने अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट, उनकी उपलब्धियों तथा सुधार के बिंदुओं पर सकारात्मक संवाद किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और बच्चों की बेहतरी के लिए मूल्यवान सुझाव दिए। विद्यालय में आगामी परीक्षाओं, वार्षिक कार्यक्रम एवं नई गतिविधियों जैसे आर्चरी, बास्केटबॉल इत्यादि के लिए भी प्रशिक्षकों की नियुक्ति कर प्रशिक्षण आरंभ के संबंध में भी अभिभावकों को जानकारी प्रदान की गई।
इस संबंध में प्राचार्य ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, व्यवहारिक विकास तथा भविष्य की शैक्षिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा करना रहा। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।





