पारसी सिंह चांद गुरु गोमके महाल मांडवा ने देश परगना को किया सम्मानित
Patamda: पटमदा प्रखंड की लच्छीपुर पंचायत अंतर्गत बानतोड़िया गांव निवासी एवं नवनियुक्त बारहा दिशाेम देश परगना कमला कांत मुर्मू को सपत्नीक बुधवार को पारसी सिंह चांद गुरु गोमके महाल मांडवा की ओर से सम्मानित किया गया। मांडवा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष विक्रम टुडू के नेतृत्व में परगना के आवास पर पंडित रघुनाथ मुर्मू का चित्र, सरना कैलेंडर, हिताल धर्मग्रंथ व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान महाल मांडवा की ओर से नवनियुक्त देश पारगना को दो सूत्री मांग भी सौंपा गया है। जिसमें 1977 को पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर जिला अंतर्गत बेदकुदरी मैदान में सरना कैलेंडर के अनुसार संथाल समुदाय के लोगों को एक ही दिन में पूजा अर्चना करने का निर्णय लिया गया था, उस नियम को फिर से लागू करने और हूल दिवस के मौके पर सभी गांव में पंडित रघुनाथ मुर्मू का सरना चीर (झंडा) सिदो कान्हु वीर बांठा की मूर्ति के सामने लगाने की मांग की गई है। इस दौरान अध्यक्ष विक्रम टुडू, सचिव गोकुल टुडू, मिर्जाडीह अध्यक्ष मनीष हांसदा, विश्वनाथ हांसदा, नायके बाबा सहदेव मुर्मू, अनिल मुर्मू व देश जग माझी अर्जुन किस्कू शामिल थे।





