बोड़ाम के डीपीईपी स्कूल में जर्जर भवन की छत से प्लास्टर गिरा, एक बच्ची घायल

Patamda: बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत रसिकनगर डीपीईपी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। दोपहर करीब 1 बजे जर्जर स्कूल भवन की छत का प्लास्टर अचानक झड़ने से एक बच्ची घायल हो गई। उसके सिर एवं पैर में चोट लगी है। गनीमत है कि उस वक्त तक अन्य सभी बच्चे एमडीएम खाने के लिए कमरे से बाहर निकल चुके थे अन्यथा और भी कई बच्चे इसकी चपेट में आ जाते। सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बच्ची जन्नतुन खातून (साढ़े 5 वर्ष) को अभिभावक के साथ नजदीकी अस्पताल भेज दिया।

इस संबंध में मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि घटना की जानकारी बीईईओ प्रभाकर कुमार एवं बीडीओ किकू महतो को दी गई है एवं भवन की मरम्मत या नया भवन के निर्माण की मांग की। घायल बच्ची का पश्चिम बंगाल के बराबाजार स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज कराने के पश्चात सिर पर गंभीर चोट बताते हुए सीटी स्कैन कराने को कहा गया है जबकि पैर का एक्सरे कराने के बाद छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि बीईईओ ने आश्वासन दिया कि नए भवन के निर्माण होने तक नजदीकी विद्यालय रसिकनगर उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल में डीपीईपी स्कूल की कक्षाएं चलाई जाएंगी। हालांकि वहां पहले से ही भवन की कमी है और एक भवन काफी दिनों से जर्जर पड़ा हुआ है।
शिक्षिका नसीमा खातून ने बताया कि वर्षों से स्कूल भवन जर्जर अवस्था में है और इसकी मरम्मत हेतु कई बार आवेदन दिया जा चुका है लेकिन मरम्मत कार्य नहीं हो सका। इससे पूर्व भी कई बार कम मात्रा में छत का प्लास्टर झड़ चुका है, तब किसी को चोट नहीं लगी थी। इस बार लगातार बारिश के कारण छत पूरी तरह से डैमेज हो चुकी है। घायल छात्रा गांव के शाहजहां अंसारी की बेटी को चोट लगी है और उसका इलाज अभिभावक के द्वारा करवाया जा रहा है।





