पटमदा के बेलटांड़ से पुलिस ने किया नाबालिग का शव बरामद, सनसनी

Patamda: पटमदा के बेलटांड़ स्थित दुर्गा पूजा मैदान से गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे पटमदा पुलिस ने एक नाबालिग लड़के का शव बरामद किया है। उसकी पहचान पटमदा के ही बामनी टोला घोषडीह निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पटमदा के माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत होने की पुष्टि की। हालांकि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
सूत्रों के मुताबिक करीब 14 वर्षीय एक आदिवासी लड़का लावारिश हालत में अक्सर बेलटांड़ बाजार में घूमता था जो नशे का आदी हो गया था। उसके साथियों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम को बेलटांड़ स्थित एक दुकान से 3 डेंड्राइट खरीदकर उसका उपयोग नशे के लिए किया था और रात को भूखे पेट ही दुर्गा मंदिर के समीप बने टेंट के अंदर सो गया, जहां सुबह में उसका शव मिला। जबकि उसकी साइकिल टेंट के बाहर खड़ी थी। सुबह करीब 7 बजे उसपर टेंट (दुर्गा पूजा के लिए बने) हाउस के एक कर्मचारी की नजर पड़ी तो बगल में मौजूद टेम्पो चालकों को सूचना दी गई। इसके बाद पहुंचे झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, ग्राम प्रधान बृंदावन दास समेत काफी संख्या में लोग पहुंचे और पुलिस के सामने पहचान की।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और उसके परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव का पोस्टमॉर्टम हेतु एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। इस संबंध में लावा ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने कहा कि यह लड़का घोषडीह गांव निवासी था जो अपने मामा के घर (जाल्ला) में ही अधिकांश समय रहता था। उन्होंने बताया कि उसे शराब एवं डेंड्राइट की बुरी आदत लग गई थी और वह कुछ गुलगुलिया (खानाबदोश) बच्चों के साथ ही अधिक घूमता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार में प्रतिबंधित डेंड्राइट बेचने वालों को सख्त हिदायत दें ताकि दूसरा कोई बच्चा नशे का शिकार न हों। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पुलिस प्रशासन ध्यान नहीं देंगे तो भविष्य में और भी कई घटनाएं हो सकती हैं।





