पटमदा में 3 हाई स्कूलों को प्लस टू में अपग्रेड करने का प्रस्ताव पारित

Patamda: जिला शिक्षा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर शुक्रवार को पटमदा बीडीओ कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान प्रखंड के 3 हाई स्कूलों को प्लस टू हाई स्कूल के रूप में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। अब इसे जिला शिक्षा पदाधिकारी के पास भेज दिया जाएगा।
मौके पर बीडीओ शशि नीलिमा डुंगडुंग, सीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास, सांसद प्रतिनिधि महावीर महतो, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा व खगेन चंद्र महतो, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, बीआरपी अवनी कुमार महांती एवं शिक्षाविद पंचानन दास मौजूद थे। मौके पर यह चर्चा हुई कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय गोबरघुसी व चौरा एवं प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय पटमदा (माचा) को प्लस टू में उत्क्रमित करने पर क्षेत्र के बच्चों को सुविधा मिलेगी। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से कहा कि 2 सितंबर से नियुक्ति पत्र का वितरण सहायक आचार्यों के बीच किया जाना है। इसलिए नवनियुक्त शिक्षकों को वैसे विद्यालयों में पदस्थापित किया जाय जहां पहले से शिक्षकों की अधिक कमी है। उन्होंने कहा कि वहां के बच्चों को उचित शिक्षा मिल सके, यह सुनिश्चित किया जाए।





