राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर एसएस +2 उच्च विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता आयोजित
Patamda: एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय पटमदा में शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने इसरो द्वारा किए जा रहे अंतरिक्ष अनुसंधान कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आईसीटी के शिक्षक राजीव महतो ने अंतरिक्ष यात्री की भूमिका निभाई तथा रसायन शास्त्र के शिक्षक स्नेहाशीष चटर्जी ने स्पेस से संबंधित विभिन्न जानकारियां विस्तार पूर्वक बच्चों को प्रदान की। मौके पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। क्विज में 9 बी के उमेश कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 10 ए के अनिर्बान महतो ने द्वितीय तथा 9 बी की धनीवाला महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में शिक्षक रासिद नेसार, डॉली डे, श्रीमंत प्रमाणिक व हर्षित डेनियल जोसेफ समेत सभी शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।





