बोड़ाम के शांतनु मोदक को पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता ने किया सम्मानित, माता-पिता से लिया आशीर्वाद

Patamda: झारखंड सरकार के मारांग गोंके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बंगोई गांव निवासी शांतनु मोदक को उच्च शिक्षा हेतु एक करोड़ की छात्रवृत्ति मिल चुकी है। वह 12 सितंबर को फ्लाइट से लंदन के लिए रवाना होंगे। रविवार को शांतनु के घर पहुंचे जमशेदपुर-04 के जिला पार्षद प्रतिनिधि पिंटू दत्ता ने उन्हें बुके देकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और बधाई दी।

इस दौरान उनके पिता निर्मल मोदक एवं माता गेनी वाला मोदक को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके चरण स्पर्श करते हुए पिंटू दत्ता ने आशीर्वाद लिया। दत्ता ने कहा कि शांतनु की उपलब्धि पर हमें गर्व है, उन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन है। इनसे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। दत्ता ने कहा कि शांतनु को मिली सफलता के पीछे उनके माता-पिता का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है इसलिए वे भी बधाई के पात्र हैं। क्योंकि उनके पिता ने उनका उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।

बेलडीह पंचायत के पंसस प्रतिनिधि प्रबोध कुमार महतो ने भी शाल का पौधा देकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। मौके पर मुख्य रूप से समाजसेवी अर्जुन सोरेन, हाराधन मुर्मू, रवि धीवर, श्यामल विशोई, प्रधान महतो, भीनु बागती, मोहन चालक, राजीव लोचन महांती, रथू लाल मोदक, सुधांशु महांती व बीरबल मोदक आदि मौजूद थे। इससे पूर्व शांतनु ने अपने घर पहुंचे सभी मेहमानों का स्वागत किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। गौरतलब हो कि राज्य सरकार की ओर से चयनित शांतनु मोदक लंदन के इंपेरियल कॉलेज विश्वविद्यालय में एक साल का कोर्स एमएसबीए की पढ़ाई करेंगे।





