एसएस प्लस टू हाई स्कूल में दूसरे दिन भी हुआ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, सफल प्रतिभागी हुए पुरस्कृत

Patamda : राज्य संपोषित (एसएस) प्लस टू उच्च विद्यालय पटमदा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को दूसरे दिन भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत खेल के महत्व एवं अनुशासन विषय पर शिक्षक श्रीमंत प्रमाणिक की प्रेरणादायक चर्चा से हुई। इसके उपरांत महेश द्विवेदी ने विद्यार्थियों को खेल शपथ दिलाई। प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में पुश-अप प्रतियोगिता, निबंध लेखन, नारा लेखन, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं रास्ता कृषि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध में पूजा महतो (कक्षा 11ए) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्लोगन लेखन में राकेश मुर्मू (कक्षा 11बी) प्रथम रहे। पुश-अप में विमल सोरेन (कक्षा 11ए) ने शानदार प्रदर्शन किया। ज्योति कुमारी (कक्षा 9बी) ने भी उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
अंत में विगत दो दिनों में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर कौशलेंद्र कुमार सिंह, डोली डे, तानिया सिंह, स्वाति शर्मा एवं मिताली बासु का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ रहने की प्रेरणा देते हैं।





