आदिवासी संस्कृति और जमीन को बचाने के लिए भाजपा का करें समर्थन : चंपाई सोरेन

पूर्व मुख्यमंत्री ने बाबूलाल सोरेन के पक्ष में किया चुनावी दौरा

Gurabanda: पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रविवार को गुड़ाबांदा प्रखंड के गांवों का दौरा किया। भालकी में ग्रामीणों के साथ बैठक करते हुए भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने हेमंत सोरेन की सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि सरकार घुसपैठियों से झारखंड को बचाने में अक्षम साबित हुई है। संथाल परगना में आदिवासी महिला मुखिया बन रही हैं, उनके पति मुस्लिम हैं। कल विधायक भी बन जाएंगे। आदिवासी जमीन पर घुसपैठियों का कब्जा हो रहा है। भोगनाडीह गांव भी नही बचा पाए। घाटशिला के फुलपाल में आदिवासी जमीन पर मस्जिद बना दिया गया है। नगड़ी में जमीन बचाने के लिए दिसंबर में पहले से बड़ा आंदोलन करेंगे। आदिवासियों का बड़े पैमाने पर धर्मांतरण किया जा रहा है।
चंपाई सोरेन ने कहा आदिवासी संस्कृति और पहचान को बचाने के लिए भाजपा को समर्थन करें। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के रूप में 5 माह के कार्यकाल में आदिवासी जमीन और परंपरागत संस्कृति को बचाने और झारखंड के निवासियों के हित में कई योजनाओं को स्वीकृत कराया गया। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन काफी देर से भालकी पंहुचे। ग्रामीण चंपाई सोरेन को सुनने के लिए रात दस बजे तक डटे रहे। गांव में उनका स्वागत पारंपरिक तरीके से धमसा मांदर की थाप पर किया गया। मौके पर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, प्रभारी हेमंत नारायण देव, जिला मंत्री गौर चंद्र पात्र, मंडल अध्यक्ष रविंद्र नाथ गांतात, द्विजेन प्रधान, शिबू टुडू, सुभाष हेंब्रम, समीर सोरेन, वैद्यनाथ टुडू, लाल मोहन मंडल, ग्राम प्रधान बनमाली हेंब्रम समेत ग्रामीण उपस्थित थे।





